शादी समारोह में दूल्हे के साथ खड़ी दुल्हन को किसी अज्ञात शख्स ने गोली मार दी

Spread the love

दिल्ली के शकरपुर इलाके में गुरुवार को ऐसी दिल दहलाने वारदात हुई जिससे पूरे इलाके में सनसनी मच गई, जिसने भी इस खबर के बारे में सुना वह सन्न रह गया। दरअसल गुरुवार को एक शादी समारोह में दूल्हे के साथ खड़ी दुल्हन को किसी अज्ञात शख्स ने गोली मार दी और फरार हो गया, जिससे समारोह में हलचल मच गई।

हालांकि गनीमत यह रही कि महिला के पैर को गोली छू कर निकल गई जिससे उससे ज्यादा चोट नहीं लगी। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घर वापस आने के बाद शादी संपन्न हुई। गौरतलब है कि पुलिस को इसमें पति, पत्नि और ‘वो’ वाला एंगल दिख रहा है।

पुलिस शुरुआती जांच में मान रही है कि युवती के किसी सिरफिरे आशिक ने उसे गोली मारी हो सकती है। इस पर जब दूल्हे से बात की गई तो उसने कहा कि हमें नहीं पता कि वो शख्स कौन था। बुलेट उसके पैरों को छूकर निकली। बाद में हमने पुलिस को बुला लिया था।

पुलिस के अनुसार उनके पास गुरुवार देर रात करीब 12.45 पर एक फोन आया जिसमें बताया गया कि दुल्हन पूजा को एक अनजान शख्स ने गोली मार दी। मंडावली निवासी पूजा की शादी गुरुवार को भारत के साथ शकरपुर के प्राचीन शिव मंदिर में हो रही थी जिस दौरान ये वारदात हुई। भारत गीता कॉलोनी का रहने वाला है।

शादी समारोह के दौरान अचानक एक शख्स वहां पहुंचा और उसने पूज पर गोली चला दी लेकिन राहत यह रही कि पूजा के पैर में लगी। गोली मारकर हमलावर फरार हो गया। इसके बाद पूजा को शास्त्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार दुल्हन को गोली मारने वाला शख्स गीता कॉलोनी का ही बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि गोली चलाने वाला शख्स और दूल्हन पूजा एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। हालांकि पुलिस ने इस बात की कोई पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *