नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित के नेतृत्व में पूर्व विधायकों, निगम पार्षदों व निगम के प्रत्याशियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की अलग-अलग बैठकें प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई। सर्वप्रथम विधायकों की बैठक में संयुक्त रूप से एक प्रस्ताव आया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का धन्यवाद किया गया, जिन्होंने प्रियंका गांधी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महामंत्री बनाया।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि प्रियंका गांधी के महामंत्री बनने व सक्रिय राजनीति में आने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। प्रस्ताव को संयुक्त रुप से तीन पूर्व विधायकों सुभाष चोपड़ा, राजकुमार चौहान व डा. बिजेन्द्र सिंह ने रखा व सभी पूर्व विधायकों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। पूर्व विधायक एवं निगम पार्षदों व प्रत्याशियों की बैठक में अनेक सुझाव आए और जिन्हें दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष से अपने विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
इस मौके पर शीला दीक्षित ने सभी पूर्व विधायक, निगम पार्षदों निगम के प्रत्याशियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से संसदीय चुनाव में जुट जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज कठिन दौर से गुजर रही है इसलिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी पूरी मेहनत से पार्टी की जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता को आज दो मोर्चो पर लड़ाई लड़नी होगी।
एक तरफ भाजपा जैसी साम्प्रदायिक पार्टी है जो लोगों के अमन चैन को बर्बाद कर रही है और दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी है जो लोगों को भ्रमित कर रही है। शीला दीक्षित ने कहा कि लोगों को यह समझाने की जरूरत है कि कांग्रेस पार्टी में और आम आदमी पार्टी में क्या फर्क है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार कोचर ने कहा केजरीवाल जनता से अपील कर रहे है कि वे कांग्रेस को वोट देकर अपने वोट बेकार न करे। सच तो यह है कि दिल्ली में भाजपा का मुकाबला सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। आम आदमी पार्टी तो सिर्फ वोट कटवाकर भाजपा की मदद ही करेगी। कोचर ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ-साथ आप पार्टी का भी सूपड़ा साफ होगा।