हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री को मजबूत बनाने की जरूरत : देव कुमार देवा
रोहतक,( रवि)- हरियाणा-पंजाब की संयुक्त संस्कृति को दर्शाती फिल्म ‘साड्डी मर्जी’ फिल्म आज उत्तर भारत के 200 से अधिक स्क्रीन पर आज धूमधाम से रिलीज की गई है। स्थानीय स्कॉईटेक मॉल स्थित आईनोक्स थियेटर पर यह फिल्म आज रिलीज हुई है। यह एक पारिवारिक फिल्म है जोकि दर्शकों को खूब पसंद आयेगी। यह बात आज हरियाणवी स्टार देव कुमार देवा ने स्थानीय मैना पर्यटक केंद्र पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
देव कुमार देवा ने बताया कि फिल्म की प्रोड्यूसर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर की धर्मपत्नी श्रीमति अवंतिका तंवर हैं। फिल्म में हरियाणा व पंजाब के कलाकारों ने भाग लिया है। पंजाब के प्रसिद्ध अभिनेता योगराज सिंह ने काम किया है। फिल्म के मुख्य नायक डॉ. अशोक तंवर के पुत्र अनिरूद्ध ललित हैं। हरियाणवी कामेडियन की भूमिका में वे स्वयं हार्डी सांगा, अमर कटारिया, रामकेश जीवनपुरवाला, एंडी दहिया व जेडी बल्लू, निहाल सिंह आदि ने बेहतरीन कार्य किया है। डेविड धवन के सहायक अजय चंदोक ने इसका निर्देशन किया है। उन्होंने बताया कि इस पारिवारिक फिल्म में नोक-झोंक, संगीत, कॉमेडी आदि का विशेष तडक़ा लगाया गया है। फिल्म प्रोडक्शन का कार्य ललित पूनिया ने बेहतरीन कार्य से किया है। मशहूर गायक मीका सिंह व नक्षत्र गिल आदि ने शानदार संगीत दिया है। फिल्म में 4 गाने पंजाबी तथा 2 गाने हरियाणवी में हैं। जोकि दर्शकों को खूब पसंद आयेगा।
फिल्म के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म में पारिवारिक ड्रामा है तथा उसी के इर्द-गिर्द फिल्म चलती है। हीरो की मां हरियाणा से है तथा पिता पंजाब से है। मेरा किरदार उसमें नायक के मामा का है जिसकी उम्र निकल चुकी है लेकिन वो शादी के लिए प्रयत्नशील है। इसलिए अपनी बहन के घर जाकर अपने लिए लडक़ी तलाश रहा है। फिल्म में कॉमेडी का बहुत सुंदर गठजोड़ बनाया गया है ताकि दर्शकों को खूब पसंद आये। फिल्म लोगों को संदेश देगी।