पूर्ण राज्य के सबसे बड़े दुश्मन हैं केजरीवाल : मनोज तिवारी

Spread the love

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी का दिल्ली की जनता से पूर्ण राज्य के दर्जा देने के नाम पर झूठ बोलने और गुमराह करने को लेकर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जनता को पूर्ण राज्य के नाम पर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने चार साल के अपने कार्यकाल में दिल्ली की जनता के लिये एक भी काम नहीं किया, तभी उन्हें जनता के बीच ऐसे झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है।

असफलताओं को छिपाने के लिए केजरीवाल पूर्ण राज्य का राग अलाप रहे हैं। तिवारी ने कहा कि दिल्ली के पूर्ण राज्य की सबसे बड़े दुश्मन केजरीवाल हैं। 26 जनवरी को परेड को रोकने की कोशिश कर व संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमला करके केजरीवाल ने दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के दावे को गहरी चोट पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने 70 में 67 सीटें देकर केजरीवाल को प्रचण्ड बहुमत के साथ सत्ता में बिठाया, लेकिन जनता को केवल धोखा मिला। एक भी चुनावी वायदे को केजरीवाल सरकार ने पूरा नहीं किया। शिक्षा के नाम पर केवल बड़े-बड़े दावे किये और पिछले तीन शैक्षणिक सत्र वर्ष 2016-17-18 में 9वीं व 11वीं कक्षा के 5,16,951 छात्रों को बोर्ड परीक्षा का परिणाम बेहतर दिखाने के लिए दिल्ली सरकार ने फेल कर दिया है। केजरीवाल ने पिछले चार वर्षों में एक भी नया कॉलेज नहीं खोला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े-बड़े दावे करने वाले केजरीवाल दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने में विफल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का महिला विरोधी चेहरा दिल्ली की जनता के सामने आ चुका है। इस सरकार को दिल्ली की महिलाएं आगामी चुनाव में दिल्ली से उखाड़ फेंकने का काम करेंगी। अंत में तिवारी ने कहा दिल्ली की जनता है चुनाव के लिए पूरी तरह से है तैयार फिर से एक बार मोदी सरकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *