अभिव्यक्ति की आजादी और असहमत होने का अधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं: जेटली

Spread the love

मोदी सरकार के आलोचकों को ‘‘ बात बात पर विरोध करने वाला’’ बताते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को उन पर झूठ गढ़ने और एक संप्रभु निर्वाचित सरकार को कमजोर करके लोकतंत्र को बर्बाद करने का आरोप लगाया। चिकित्सकीय जांच के लिए अमेरिका गये जेटली ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी और असहमत होने का अधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, न कि झूठ, बर्बादी और संस्थागत तबाही।

जेटली ने उन लोगों पर निशाना साधा जो मानते हैं कि ‘‘यह सरकार कुछ अच्छा नहीं कर सकती।’’ उन्होंने कहा कि सकारात्मक मानसिकता और राष्ट्रीय शक्ति से राष्ट्र का निर्माण होता है ना कि ‘‘बात बात पर विरोध करने वालों से।’’ ‘बात-बात पर विरोध और गढ़े हुए तर्क’ (द कम्पल्सिव कंट्रारियन एंड हिज मैन्युफैक्चर्ड लॉजिक) एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘‘बार बार झूठ गढ़ने का कोई अफसोस नहीं होता। अगर वे देश के आम हित के खिलाफ चले जाते हैं तो वे तर्क भी गढ़ सकते हैं। वे भ्रष्टाचार के रूप में धर्मयुद्ध का स्वांग रच सकते हैं। अपनी सहूलियत के हिसाब से वे दोहरे मानदंड अपना सकते हैं।’’

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण और राफेल रक्षा सौदे समेत कई मुद्दों पर राजनीतिक दलों की निंदा का हवाला देते हुए जेटली ने कहा कि ‘बात बात पर विरोध करने वालों’ का मानना है कि नरेंद्र मोदी नीत सरकार के हर कदम का विरोध होना चाहिए। उन्होंने न्यायमूर्ति लोया मामला, सीबीआई मुद्दा, आरबीआई चर्चा, न्यायिक सक्रियता से जुड़े अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि आलोचकों ने किस तरह से सरकार के खिलाफ अभियान चला रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *