चंडीगढ़. बुधवार को मोहाली जिले में पांच और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर अब मोहाली में संक्रमणों का आंकड़ा 121 हो गया है। जिले में तीन लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है और बाकी के स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। वहीं बुधवार को सेक्टर-21 में रहने वाले 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उक्त युवक 10 दिन पहले दिल्ली से लौटा था।
चंडीगढ़ में इस समय शहर में कोरोना के कुल केस 302 तक जा पहुंचे हैं, जिनमें से 82 एक्टिव हैं और पांच की मौत हो चुकी है। इसी तरह पंचकूला में आज एक और नया केस आने से आंकड़ा 27 पहुंच गया है और अब जिले में दो मरीज ही एक्टिव हैं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला मिलाकर अब ट्राईसिटी में संक्रमणों का आंकड़ा 450आ पहुंचा है।
80 साल की मृत महिला के संपर्क में आए लोग पॉजिटिव
सेक्टर-30 की रहने वाली 80 वर्षीय मृत महिला के संपर्क में आए लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके संपर्क में से दो पारिवारिक सदस्यों और एक पड़ोसी के गत दिवस सैंपल लिए गए थे, जो निगेटिव आए हैं। बता दें कि 80 वर्षीय महिला की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला को जीएमएसएच-16 में मृत अवस्था में लाया गया था। इसके बाद उसके सैंपल टेस्टिंग के लिए भेजे गए थे। मंगलवार सुबह महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से आए 153 यात्री
लॉकडाउन के चलते दुबई में फंसे 153 भारतीय एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। यह फ्लाइट मंगलवार देर रात आई। कुल 153 यात्रियों में से 80 यात्रियों का संबंध पंजाब, 11 चंडीगढ़, 13 हरियाणा, 37 हिमाचल प्रदेश, चार जम्मू-कश्मीर, दो उत्तराखंड, दो उत्तर प्रदेश से हैं और चार यात्रियों का संबंध दिल्ली से है। अब इन्हें इनके जिलों में लेजाकर क्वारेंटाइन किया जा रहा है। बता दें कि एयर इंडिया की यह उड़ान लॉकडाउन के कारण विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार के वंदे भारत मिशन चरण-3 के तहत संचालित की गई। इस मिशन के अंतर्गत चंडीगढ़ एयरपोर्ट ने कुल तीन उड़ाने संचालित की है।