आज से कई राज्यों में मॉल, होटल-रेस्तरां और धर्मस्थलों के दरवाजे खुल गए हैं। सरकार ने इन्हें कई शर्तों के साथ आज से खोलने की अनुमति दी है। इस बीच देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। देश में फिलहाल 2.46 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 6929 मरीजों की मौत हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रलय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में बढ़ते मामलों के बीच मरीजों के ठीक होने की दर भी सुधरी है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान पांच हजार से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। कुल 2,46,628 मामलों में सक्रिय मरीज सिर्फ 1,20,406 हैं। अब तक 1,19,292 मरीज पूरी तरह से ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं। इस तरह मरीजों के स्वस्थ होने की दर 48.37 फीसद हो गई है।