बुलन्दशहर। उत्तर प्रदेश के बुलन्दशहर जिले में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता को दो लोगों ने मौत के घाट उतार दिया। मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मीडिया रिपोट्र्स से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के खुर्जा नगर में दो लोगों ने घर में घुसकर एक विवाहिता की गला घोटकर हत्या कर दी। उसके परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। मीडिया रिपोट्र्स से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र मिश्र ने बताया है कि खुर्जा नगर के माताघाट कॉलोनी में 28 वर्षीय एक विवाहिता महिला अपने परिजनों के साथ रहती थी। उसके पति जीवन सिंह की एक साल पहले मौत हो चुकी है।
उसके तीन बच्चे हैं। शुक्रवार सुबह महिला अपने कमरे में अद्र्धनग्न अवस्था में मृत मिली। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत कब्जे में लिए हैं। उन्होंने बताया कि मृतका का मायका शिकारपुर इलाके के ग्राम ढलना में है।
हत्या की सूचना के बाद उसके पिता हरपाल सिंह भी मौके पर आ गए। हरपाल सिंह ने पड़ोस में रहने वाले दो युवकों को नामजद करते हुए दुष्कर्म के बाद गला घोटकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज करायी है। मिश्र ने बताया है कि पुलिस ने फिलहाल हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी और दुष्कर्म की पुष्टि के बाद धारा बढ़ाई जाएंगी।