सदर थाने के क्वार्टर में शनिवार देर रात एक पुलिस कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिसकर्मी अनिल रिवाॅल्वर को साफ कर रहा था, तभी गोली चल गई और उसके सिर के आर-पार निकल गई। पुलिस मामले की जांच जारी है।
जींद के बधाना गांव का 34 वर्षीय अनिल 11 साल पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुई था। उसकी ड्यूटी कैथल में लगी थी। वह कैथल के डॉ. सूद की सिक्युरिटी में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की ड्यूटी कर रहा था। शनिवार रात को ड्यूटी खत्म करने के बाद सदर थाने में स्थित पुलिस क्वार्टर में आया था।
घर आने के बाद अनिल कपड़े बदलकर सर्विस रिवाॅल्वर साफ करने लगा। घटना के वक्त पत्नी क्वार्टर के दूसरे फ्लोर पर गई थी। तभी अनिल से गोली चल गई और फायर सिर के आर-पार निकल गई। गोली की आवाज सुनकर पत्नी नीचे आई और घायल अनिल को अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने मृतक घोषित कर दिया।
सिटी थाना एसएचओ मनदीप का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।