राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल का गठन आज

Spread the love

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नवनिर्वाचित कांग्रेस सरकारों के मंत्रिमंडल गठन और विस्तार के लिए पार्टी आलाकमान से मंजूरी मिल गई है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल का गठन सोमवार 24 दिसंबर को, वहीं छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार 25 दिसंबर को होगा।

राजस्थान में 17 दिसंबर को अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री और सचिन पायलट ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद से मंत्रियों के नाम को लेकर पार्टी आलाकमान के साथ चर्चा चल रही थी। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार दोनों नेता सूची को अंतिम रूप देने के लिए तीन दिन से दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर रहे थे। वे रविवार दोपहर को जयपुर लौट गए।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह संभवत: सोमवार सुबह 11:30 बजे राजभवन में होगा। इसमें राज्यपाल कल्याण सिंह द्वारा 23 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की संभावना है। इनमें एक विधायक रालोद का होगा, जिसके साथ कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए गठबंधन किया था।

छत्तीसगढ़ में भी भूपेश बघेल ने 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनके साथ टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। बघेल भी राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ बैठकें कर मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने में लगे हुए थे। अब मंगलवार सुबह 11 बजे रायपुर में करीब दस विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *