आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार दोबारा बनेगी। केंद्र में भाजपा सरकार की वापसी की संभावना से विपक्षी दल डर गए हैं। सरकार में जनता का भरोसा कायम है। विपक्षी गठबंधन भाजपा सरकार के लिए कोई चुनौती नहीं बनेगा। यह बातें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहीं।
साढ़े चार साल में नहीं लगा भ्रष्टाचार का आरोप
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को ग्रेटर नोएडा के सीआइएसएफ केंद्र में केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास करने पहुंचे थे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।
मोदी सशक्त और लोकप्रिय नेता
यह केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के बारे में सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त व लोकप्रिय नेतृत्व है।
जीत को लेकर भाजपा आश्वस्त
लोकसभा चुनाव में जीत को लेकर भाजपा पूरी तरह से आश्वस्त है। देश की जनता का भाजपा सरकार में पूरा भरोसा है। पीएनबी घोटाले के आरोपित मेहुल चौकसी को विदेशी नागरिकता के सवाल पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने आर्थिक अपराध बिल पास कर दिया है।
नहीं बचेगा कोई भी आर्थिक अपराधी
कोई भी अपराधी नहीं बचेगा। कुछ कानूनी प्रक्रियाएं हैं, जिन्हें पूरा किया जा रहा है। समय जरूर लग सकता है, लेकिन कोई भी कार्रवाई से नहीं बचेगा।