नई दिल्ली। मौसम विभाग ने बिहार और उत्तर-पूर्वी राज्यों में आने वाले दो दिनों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा है कि आने वाले पांच दिनों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में भारी वर्षा नहीं होगी। मध्य भारत में आने वाले दिनों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने कहा था, दक्षिण पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ गया है और यह आज 26 जून को पूरे देश में पहुंच गया। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र जो पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा और मध्य भारत के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से मानसून को आगे बढ़ने में मदद मिली।
मानसून आमतौर पर एक जून को केरल पहुंचता है और इसे पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर पहुंचने में 45 दिन का समय लगता है जो कि देश में इसका आखिरी स्थान है। 2013 में मानसून 16 जून को पूरे देश में पहुंच गया था। उसी समय उत्तराखंड में भीषण बाढ़ भी आई थी।
आपको बता दें कि इस साल मानसून तय समय से करीब 12 दिन पहले पूरे देश में पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने बयान जारी कर कहा कि पूरे देश में अब मानसून सक्रिय हो चुका है। हालांकि, राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों तथा पंजाब के कुछ इलाकों में मानसून के पहुंचने की निर्धारित तिथि 8 जुलाई है।