चंडीगढ़, ( राजेश कुमार )-आम आदमी पार्टी अपने सबसे मजबूत चुनावी हथियार यानी डोर-टू- डोर से खट्टर सरकार को धराशायी करने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के
कार्यकर्ता 40 दिन के भीतर 20 लाख घरों में दस्तक देंगे। पार्टी की रणनीति 40 दिनों में हरियाणा का चप्पा-चप्पा छान मारने की है। इसके लिए दिल्ली में हरियाणा के पदाधिकारियों की ट्रेनिंग चल रही है। अरविंद केजरीवाल ने ट्रेनिंग देने की कमान खुद संभाल ली है। दिल्ली में ऐतिहासिक जीत दिलाने वाली टीम हरियाणा के पदाधिकारियों को डोर-टू-डोर के लिए प्रशिक्षित कर रही है। ये पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं को ऐसा ही प्रशिक्षण देंगे। इस तरह आम आदमी पार्टी हरियाणा में इस काम के लिए कुशल कार्यकर्ताओं की फौज तैयार कर रही है।
इस अभियान के बारे में विस्तार से बताते हुए हरियाणा के प्रभारी और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय कहते हैं कि डोर-टू-डोर के जरिये हमने दिल्ली में 70 में से 67 सीटों पर विजय पताका फहराकर इतिहास रचा था। भाजपा को केवल 3 सीटें मिली थी और कांग्रेस तो खाता खोलने में भी कामयाब नहीं हो पाई थी। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि डोर-टू-डोर आम आदमी पार्टी का कितना मजबूत चुनावी हथियार है।
इस अभियान के बारे में विस्तार से बताते हुए गोपाल राय कहते हैं कि इसमें हमारे कार्यकर्ता ग्रुप में जाकर लोगों से न केवल मिलेंगे बल्कि उनसे हरियाणा के मौजूदा हालात पर लंबी चर्चा करेंगे। इस प्रक्रिया में दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के ऐतिहासिक कामों के साथ-साथ हरियाणा में खट्टर सरकार के नकारेपन पर भी चर्चा होना स्वाभाविक है। यही इस अभियान का मूलमंत्र है। वह कहते हैं कि डोर-टू-डोर अभियान से आपको पार्टी और संगठन के लिए नये साथी मिलते हैं। हमने दिल्ली में ऐसा करके दिखाया है।
इस अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद कहते हैं कि हरियाणा में हर कोई कह रहा है कि खट्टर के बस का कुछ भी नहीं है। कांग्रेस और इनेलो में गृहयुद्ध चल रहा है। ऐसे में हरियाणा में हर किसी ने आम आदमी पार्टी को एक विकल्प के रूप में स्वीकार कर लिया है। हम घर-घर जाएंगे। हर व्यक्ति से मिलेंगे। लोगों से सहयोग मांगेंगे। लोगों को बताएंगे कि किस तरह आम आदमी पार्टी दिल्ली की तरह ही अब हरियाणा में नया इतिहास लिखने की तैयारी कर रही है।